ईरान की अमेरिकी नौसेना को खुली धमकी, दो अधिकारियों की तस्वीरें जारी कर कहा- ढूंढ निकालेंगे

Nov 16, 2026 - 21:15
 0  0
ईरान की अमेरिकी नौसेना को खुली धमकी, दो अधिकारियों की तस्वीरें जारी कर कहा- ढूंढ निकालेंगे

तेहरान 
दक्षिण अफ्रीका स्थित ईरानी दूतावास ने अमेरिकी नौसेना के दो वरिष्ठ अधिकारियों को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है. ये धमकी ठीक उसी दिन दी गई, जब इन अधिकारियों का युद्धपोत 'यूएसएस स्प्रुअंस' मिडिल-ईस्ट में 357 दिनों की तैनाती के बाद कैलिफोर्निया के सैन डिएगो लौटा। 

इस तैनाती के दौरान इस युद्धपोत ने ईरानी बलों के खिलाफ युद्ध में हिस्सा लिया था. अब ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट करके यूएसएस स्प्रुअंस के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर लेह आर. टेट और कार्यकारी अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर जेफरी ई. यॉर्क की तस्वीरें जारी कीं। 

ईरानी दूतावास ने पोस्ट में लिखा, 'हम तुम्हें ढूंढ लेंगे.' बता दें कि ईरान ने इससे पहले 28 मार्च को भी इन दोनों अधिकारियों को निशाना बनाया था। 

मिनाब स्कूल में हमले का आरोप
उस समय दूतावास ने आरोप लगाया था कि इन अधिकारियों ने ईरान के मिनाब स्थित एक प्राथमिक विद्यालय पर टॉमहॉक मिसाइलें दागने का आदेश दिया था, जिसमें 168 बच्चों की मौत हो गई थी. उस पोस्ट में लिखा गया था, 'इन दोनों अपराधियों को याद रखें. क्या उनके अपने बच्चे नहीं हैं?

फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, 'फाउंडेशन फॉर डिफेंस ऑफ डेमोक्रेसीज' के वरिष्ठ फेलो बेहनाम बेन तालेब्लू ने चेतावनी दी है कि ईरान की इस बयानबाजी को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए. क्योंकि ईरान का अमेरिकी अधिकारियों के खिलाफ हमलों की साजिश रचने का इतिहास रहा है। 

तालेब्लू ने कहा, 'इससे वॉशिंगटन, व्हाइट हाउस, पेंटागन और यहां तक कि सेंटकॉम में भी खतरे की घंटी बजनी चाहिए. इस्लामिक रिपब्लिक ने सचमुच उन कर्मियों की पहचान कर ली है जिन पर वो शासन के खिलाफ हमलों में शामिल होने का आरोप लगाते हैं और वो प्रतिशोध की बात कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि अगर इन अधिकारियों के खिलाफ कोई साजिश रची जा रही है, तो उसे समय रहते पकड़ना और सफल करना बहुत जरूरी है। 

ट्रंप की दो टूक चेतावनी
ईरान की ये धमकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस सख्त चेतावनी के ठीक एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने ईरान को वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों की हत्या के खिलाफ आगाह किया था. 12 नवंबर को रेडियो होस्ट ह्यूग हेविट को दिए एक इंटरव्यू में जब ट्रंप से पूछा गया कि अगर ईरान किसी वरिष्ठ अमरीकी अधिकारी को मारता है तो क्या होगा, तो ट्रंप ने जवाब दिया, 'वो बहुत लंबे समय तक, अब और अस्तित्व में नहीं रहेंगे। 

सैन्य अड्डे पर शिफ्ट हुए ट्रेजरी सेक्रेटरी
इसी बीच, ईरान से मिल रही जान से मारने की धमकियों के मद्देनजर अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट वॉशिंगटन स्थित अपने आवास को छोड़कर एक सैन्य अड्डे पर शिफ्ट हो गए हैं. शुक्रवार को CNBC को दिए एक इंटरव्यू में बेसेंट ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि वो सीक्रेट सर्विस के निर्देशों का पालन कर रहे हैं। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0