किसानों को अधिकतम लाभ दिलाने पर जोर, मंत्री कुशवाहा ने एमपी एग्रो के अधिकारियों को दिए निर्देश

Nov 16, 2026 - 21:15
 0  1
किसानों को अधिकतम लाभ दिलाने पर जोर, मंत्री कुशवाहा ने एमपी एग्रो के अधिकारियों को दिए निर्देश

एमपी एग्रो के माध्यम से किसानों को अधिकतम लाभ दिलाना सुनिश्चित करें : मंत्री कुशवाहा

एमपी एग्रो के व्यावसायिक विस्तार एवं निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति के निर्देश

भोपाल

उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने कहा है कि एम.पी. स्टेट एग्रो इन्डस्ट्रीज डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमि. की गतिविधियों का अधिकतम लाभ किसानों तक पहुंचना चाहिए। निगम अपनी व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार कर निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने यह निर्देश सोमवार को मंत्रालय में एमपी एग्रो की विभागीय योजनाओं समीक्षा बैठक में दिेये।

मंत्री कुशवाह ने कहा कि निगम अपनी एजेंसियों एवं चैनल पार्टनर्स के माध्यम से स्वीकृत निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराए। निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं को स्थानीय जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता से दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों की नियमित निगरानी हो तथा गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

मंत्री कुशवाह ने सूक्ष्म सिंचाई उपकरणों, जैव उर्वरकों एवं खाद्य प्रसंस्करण मशीनरी के विपणन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने उज्जैन सिंहस्थ-2028 से संबंधित संभावित कार्यों की तैयारियां अभी से प्रारंभ करने तथा निगम की सभी लंबित गतिविधियों में तेजी लाने को कहा।

प्रबंध संचालक एमपी एग्रो अरविन्द दुबे ने बताया कि एमपी एग्रो का कुल व्यवसाय वर्ष 2023-24 में 383.41 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 492.51 करोड़ रुपये हो गया है। इसी अवधि में अनुमानित लाभ 7 करोड़ रुपये से बढ़कर 24.60 करोड़ रुपये पहुंचा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अक्टूबर तक निगम ने 229.99 करोड़ रुपये का व्यवसाय किया है। नॉन-ट्रेडिंग गतिविधियों में अक्टूबर 2026 तक 75 करोड़ 99 लाख रुपये तथा चैनल पार्टनर्स के माध्यम से 5 करोड़ 55 लाख रुपये का व्यवसाय हुआ है। उन्होंने बताया गया कि वर्ष 2025-26 में निगम ने 1 लाख 19 हजार 147 लीटर तरल जीवाणु खाद का उत्पादन किया, जिससे 416.93 लाख रुपये की बिक्री हुई। एम.पी. एग्रो द्वारा बायोफर्टिलायजर का‍विक्रय बढ़ाने के लिए ई-विकास पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0