पंजाब में 98.5% धान की कटाई पूरी, पराली जलाने के 5,972 मामले आए सामने

Nov 18, 2026 - 10:45
 0  2
पंजाब में 98.5% धान की कटाई पूरी, पराली जलाने के 5,972 मामले आए सामने

 पटियाला
 पंजाब में धान की कटाई का काम लगभग मुकम्मल होने के बावजूद पराली जलाने की घटनाएं जारी हैं। 17  नवंबर तक राज्य में पराली जलाने के कुल 5972 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं राज्य में अब तक 2219 मामलों में पर्यावरण मुआवजा (ईसी) लगाया गया है।

इसके तहत कुल 1 करोड़ 11 लाख 85 हजार रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया, जबकि इसमें से 40 लाख 55 हजार रुपये की वसूली हो चुकी है। इसके अलावा पराली जलाने के मामलों में 1859 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 2046 किसानों के राजस्व रिकार्ड में रेड एंट्री की गई है।

वहीं, संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत 35 मामलों में सीएक्यूएम एक्ट की धारा 14 के अंतर्गत अभियोजन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके अलावा नोडल और सुपरवाइजरी अधिकारियों को 1607 चेतावनी और कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

सबसे अधिक मामले फिरोजपुर इसे मिले
जिला स्तर पर पराली जलाने के सबसे अधिक 817 मामले फिरोजपुर में सामने आए हैं। इसके बाद तरनतारन में 700, संगरूर में 689, बठिंडा में 528 और पटियाला में 396 मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, अमृतसर में 265, फाजिल्का में 226, फरीदकोट में 221, मानसा में 219 और मुक्तसर में 212 मामले सामने आए हैं। दूसरी तरफ पठानकोट में सबसे कम एक मामला दर्ज किया गया है।

कटाई के बावजूद बढ़ रहे मामले
जानकारी अनुसार राज्य में कुल 32.87 लाख हेक्टेयर धान क्षेत्र में से 98.50 प्रतिशत क्षेत्र में कटाई का काम पूरा हो चुका है। कपूरथला और तरनतारन में धान की कटाई 100 प्रतिशत मुकम्मल हो चुकी है, जबकि अमृतसर, बरनाला, बठिंडा, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, होशियारपुर, पटियाला, रूपनगर और एसएएस नगर में कटाई का आंकड़ा 99 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

इसके बावजूद पराली जलाने की घटनाओं का सामने आना प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0