जलती बांग्लादेश की सियासत, PM रहमान ने शेख हसीना पर लगाए गंभीर आरोप

Nov 20, 2026 - 14:15
 0  1
जलती बांग्लादेश की सियासत, PM रहमान ने शेख हसीना पर लगाए गंभीर आरोप

ढाका
 बांग्लादेश में शांति स्थापित करने में नाकाम प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भारत को बदनाम करने की कोशिश की है. इसके लिए उन्होंने पर्व पीएम शेख हसीना का सहारा लिया है.  तारिक रहमान ने सत्ता से बेदखल हुईं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी 'अवामी लीग' पर आरोप लगाया है कि वे देश भर में अशांति, आगजनी और हत्याएं करवा रही है. रहमान भारत का नाम लिए बिना कहा कि वे ऐसा "सीमा पार बैठे अपने आकाओं" को खुश करने के लिए कर रही हैं। 

भारत से सटे उत्तर-पश्चिमी जिले लालमोनिरहाट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए रहमान ने आरोप लगाया कि अगस्त 2024 के विद्रोह के बाद बांग्लादेश से भागने वाले अवामी लीग के नेता देश के खिलाफ साजिश रच रहे हैं. उन्होंने कहा कि ये लोग छात्रों के नेतृत्व वाले आंदोलन से हासिल हुए अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। 

रहमान ने कहा, "प्रिय भाइयों और बहनों, बात सिर्फ इतनी नहीं है कि उन्होंने इस देश या यहां के लोगों के हितों का ध्यान नहीं रखा. बल्कि वे सीमा पार जिस देश में भागकर गई हैं, वहीं उनके आका भी बैठे हैं. उन आकाओं को खुश करने के लिए उन्होंने एक बार फिर इस देश में बांग्लादेश और यहां के लोगों के खिलाफ साजिश रचना शुरू कर दिया है। 

पीएम रहमान ने लोगों को उकसाते हुए कहा कि क्या आप उन्हें ऐसा करने देंगे. उन्होंने कहा कि देश से बाहर रहते हुए भी, उन्होंने एक बार फिर आगजनी और आतंकवाद की अपनी राजनीति शुरू कर दी है. उन्होंने लोगों पर पीछे से हमला करने और उनकी हत्या करने की राजनीति फिर से शुरू कर दी है। 

शेख हसीना अगस्त 2024 के बाद से भारत में रह रही हैं, लेकिन उन्होंने आने वाले दिसंबर में किसी कीमत पर भी बांग्लादेश लौटने का ऐलान किया है. इससे पहले बांग्लादेश में हिंसा भड़क उठी है। 

पीएम तारिक रहमान के ये आरोप अवामी लीग द्वारा बुलाए गए देशव्यापी एक दिवसीय लॉकडाउन के दौरान सामने आए. इस दौरान कई इलाकों में आगजनी, देसी बम धमाके और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं. अशांति के बाद सात जिलों में लगभग 3,000 अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया। 

रहमान ने अवामी लीग के समर्थकों पर आरोप लगाया कि वे देश छोड़कर भागने के बाद भी हिंसक राजनीति को फिर से हवा दे रहे हैं. उन्होंने कहा, "अब बहुत हो चुका. हमें इन आतंकवादियों, आगजनी करने वालों और हत्यारों को करारा जवाब देना होगा। 

शेख हसीना ने की नई पासपोर्ट की डिमांड
इस बीच पूर्व पीएम शेख हसीना ने बांग्लादेश वापसी का संकेत देते हुए बांग्लादेश की सरकार से नया पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड की मांग की है. शेख हसीना के वकीलों ने नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र हासिल करने के लिए दूसरी बार नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से संपर्क किया है। 

हसीना ने लंदन स्थित 'मैट्रिक्स चैम्बर्स' के बैरिस्टर स्टीवन पाउल्स केसी को अपनी ओर से आवेदन जमा करने के लिए अधिकृत किया है। 

उनकी कानूनी टीम ने इस मामले पर तत्काल ध्यान देने और पाउल्स को उनके अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में औपचारिक मान्यता देने का आग्रह किया है। 

बांग्लादेश में हिंसा का दौर जारी
इस गुरुवार को बांग्लादेश में जबर्दस्त हिंसा जारी रही. इस दौरान अवामी लीग ने देशव्यापी लॉकडाउन लागू करने की कोशिश की. पुलिस थानों, सांसदों के घरों, वित्तीय संस्थानों और वाहनों पर हुए हमलों ने पहले से चल रही हिंसक झड़पों, आगजनी और बम धमाकों की स्थिति को और गंभीर बना दिया। 

गोपालगंज इस हिंसा का मुख्य केंद्र बन गया,जहां अवामी लीग के समर्थकों ने कथित तौर पर एक पुलिस थाने में आग लगा दी, बीएनपी सांसदों के घरों पर हमले किए और ग्रामीण बैंक के कार्यालयों में तोड़फोड़ की। 

नेशनल हाई जाम, ट्रेन सेवा बंद 
गुरुवार की अशांति के कारण गोपालगंज के कई हिस्सों में परिवहन ठप हो गया, प्रदर्शनकारियों ने ढाका-खुलना और ढाका-बारिसल राजमार्गों पर पेड़ काटकर जला दिए. टायर और लकड़ी जलाई और जिला शहर और आसपास के उपजिलों में जुलूस निकाले। 

कई दुकानें और व्यवसाय बंद रहे, जबकि निवासियों ने अनावश्यक यात्रा से परहेज किया।  

नाकेबंदी पड़ोसी मदारीपुर तक फैल गई, जहां प्रदर्शनकारियों ने ढाका-बारिसल राजमार्ग को बाधित कर दिया और यात्री बस सेवाएं निलंबित कर दी गईं. इस रुकावट का असर रेलवे परिचालन पर भी पड़ा। 

पश्चिम रेलवे ने राजशाही-गोबरा तुंगीपारा एक्सप्रेस मार्ग के कालूखाली-गोबरा खंड को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया, जिससे ट्रेन का संचालन अगली सूचना तक कालूखाली जंक्शन तक सीमित हो गया। 

कई लंबी दूरी के बस ऑपरेटरों ने सुरक्षा चिंताओं के कारण बुधवार को गोपालगंज से गुजरने वाले मार्गों पर सेवाएं पहले ही निलंबित कर दी थीं। 

देसी बमों से दहला ढाका
बांग्लादेश के अखबार ढाका ट्रिब्यून के अनुसार गुरुवार की तालाबंदी से पहले कच्चे बम विस्फोटों और राजनीतिक संपत्तियों पर हमलों से तनाव और बढ़ गया। 

बुधवार शाम और रात को हुए तीन विस्फोटों में कम से कम चार लोग घायल हो गए। 
खिलगांव में 40 वर्षीय चाय की दुकान की मालिक नसीमा बेगम गंभीर रूप से घायल हो गईं, जब खिलगांव फ्लाईओवर से फेंका गया एक देशी बम रेलगेट रसोई बाजार के पास फट गया। 

धोलैरपार और शहीद सुहरावर्दी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बाहर भी विस्फोट की सूचना मिली, जहां तीन लोग घायल हो गए। 

मीरपुर में जुबो लीग के महासचिव मैनुल हुसैन खान निखिल के आवास और कार्यालय पर भी हमला हुआ। 

एक अलग ऑपरेशन में जासूसों ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया और लगभग 2.29 किलोग्राम बारूद बरामद किया। 

पुलिस ने गश्त और वाहनों की तलाशी तेज कर दी है और राजधानी भर में 177 चौकियां स्थापित की हैं, जबकि आम दिनों में यह संख्या लगभग 30 होती है. अधिकारियों ने सरकारी प्रतिष्ठानों, फ्लाईओवरों और प्रमुख परिवहन मार्गों के आसपास भी निगरानी बढ़ा दी है।  

कासिमपुर जेल के अधिकारियों ने की मांगी मदद
इस बीच गाजीपुर की कासिमपुर सेंट्रल जेल के अधिकारियों ने जेल परिसर में सुरक्षा मजबूत करने और गश्त बढ़ाने के लिए सेना, पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मदद मांगी है. कासिमपुर सेंट्रल जेल-2 की सीनियर जेल सुपरिंटेंडेंट हलीमा खातून ने संबंधित बलों और एजेंसियों को पत्र लिखकर उनका सहयोग मांगा है.  उन्होंने बुधवार दोपहर इस बात की पुष्टि की और बताया कि फिलहाल इस जेल में हाई-प्रोफाइल मामलों के कई आरोपी बंद हैं. गाजीपुर जिला प्रशासन के अनुसार, कासिमपुर सेंट्रल जेल परिसर की चार जेलों में राजनीतिक कैदियों समेत लगभग 12,000 कैदी बंद हैं। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0