दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की लखपति दीदियों के हुनर की चमक, ‘छत्तीसकला’ से मिल रही नई पहचान

Nov 17, 2026 - 19:45
 0  0
दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की लखपति दीदियों के हुनर की चमक, ‘छत्तीसकला’ से मिल रही नई पहचान

रायपुर

छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं का हुनर अब गांव की चौखट से निकलकर राष्ट्रीय बाजार तक अपनी पहचान बना रहा है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ की लखपति दीदियां अपनी कला, मेहनत और उद्यमिता का प्रदर्शन कर रही हैं। छत्तीसगढ़ पवेलियन के हॉल नंबर 4 में स्थापित ‘लखपति दीदी’ स्टॉल पर प्रदेश की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा, स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण महिलाओं के कौशल की आकर्षक झलक देखने को मिल रही है।

14 से 27 नवम्बर तक आयोजित इस अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा, कोरबा, बस्तर, धमतरी और रायगढ़ जिलों के स्व-सहायता समूहों की पांच लखपति दीदियां भाग ले रही हैं। इन महिलाओं द्वारा तैयार कोसा साड़ियां, आकर्षक जैकेट, कॉटन ड्रेस मटेरियल, पारंपरिक बेल मेटल शिल्पकृतियां, स्थानीय मसाले और अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है। इन उत्पादों में छत्तीसगढ़ की लोककला, पारंपरिक शिल्प और ग्रामीण महिलाओं की रचनात्मक प्रतिभा की विशेष छाप दिखाई देती है।

‘छत्तीसकला’ से ग्रामीण उत्पादों को मिल रहा बड़ा बाजार

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत ‘छत्तीसकला’ ब्रांड ग्रामीण महिलाओं के हुनर को नई पहचान देने का माध्यम बन रहा है। इस ब्रांड के जरिए स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित गुणवत्तापूर्ण एवं पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में भागीदारी से लखपति दीदियों को अपने उत्पादों को देश-विदेश के व्यापारियों, उद्यमियों और संभावित खरीदारों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है। इससे उत्पादों की बाजार पहुंच बढ़ाने और भविष्य में नए व्यावसायिक संबंध स्थापित करने की संभावनाएं भी विकसित हो रही हैं।

आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रहीं बिहान की दीदियां

 बिहान मिशन के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर पारंपरिक आजीविका गतिविधियों के साथ उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। समूहों के जरिए महिलाओं को कौशल विकास, उत्पादन, विपणन और आजीविका संवर्धन के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। लखपति दीदी पहल महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

इस वर्ष व्यापार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ है। छत्तीसगढ़ की लखपति दीदियों की भागीदारी इस थीम को सार्थक रूप दे रही है। एक ओर महिलाएं राज्य की समृद्ध कला, संस्कृति और पारंपरिक शिल्प को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर अपने उत्पादों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिला उद्यमिता की बढ़ती भूमिका को सामने ला रही हैं।

नई दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की इन पांच लखपति दीदियों की भागीदारी ग्रामीण महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक स्वावलंबन और उद्यमशीलता की प्रेरक तस्वीर प्रस्तुत कर रही है। यह पहल छत्तीसगढ़ के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के साथ ही ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0