राजस्थान के 4 जिलों में पंचायत चुनाव का बदला कार्यक्रम, अब 17 दिसंबर को होगी मतगणना

Nov 18, 2026 - 20:45
 0  0
राजस्थान के 4 जिलों में पंचायत चुनाव का बदला कार्यक्रम, अब 17 दिसंबर को होगी मतगणना

जयपुर
राजस्थान में चार जिलों के पंचायतीराज चुनाव का कार्यक्रम बदल दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर जिलों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना की नई तारीख घोषित कर दी है। अब इन चारों जिलों में मतगणना 20 नवंबर के बजाय 17 दिसंबर को होगी। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी।

बता दें कि आयोग ने मतगणना के साथ ही जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के निर्वाचन का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। इसके तहत चारों जिलों में 22 से 25 दिसंबर तक निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

22 दिसंबर को जिला प्रमुख और 24 दिसंबर को प्रधान का चुनाव
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, जिला प्रमुख का निर्वाचन 22 दिसंबर को होगा। इसके अगले दिन यानी 23 दिसंबर को उप जिला प्रमुख का चुनाव कराया जाएगा। इसी तरह पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए 24 दिसंबर और उप प्रधान पद के लिए 25 दिसंबर को निर्वाचन होगा। इस तरह चारों जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना से लेकर प्रमुख और प्रधान के निर्वाचन तक की प्रक्रिया दिसंबर में पूरी होगी।

चुनाव के लिए यह रहेगी समय-सारणी
आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के चुनाव के लिए निर्धारित दिन सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की जांच सुबह 11:30 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने का समय दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची जारी कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। यदि आवश्यक हुआ तो दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे के बीच मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना होगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

इन चार जिलों में बदला चुनाव कार्यक्रम
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम में बदलाव को लेकर कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर के जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। इन जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना अब 17 दिसंबर को होगी। इसके बाद 22, 23, 24 और 25 दिसंबर को क्रमशः जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0