रेलवे का बड़ा बदलाव! अब ग्रुप में ट्रेन टिकट बुक कराना होगा आसान, बल्क बुकिंग के नियम बदले

Nov 21, 2026 - 09:45
 0  88
रेलवे का बड़ा बदलाव! अब ग्रुप में ट्रेन टिकट बुक कराना होगा आसान, बल्क बुकिंग के नियम बदले

नई दिल्ली

अगर आप परिवार, रिश्तेदारों या दोस्तों के बड़े ग्रुप के साथ ट्रेन से सफर करने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. अब एक साथ ज्यादा लोगों की ट्रेन टिकट बुक कराना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है। 

दक्षिण पश्चिम रेलवे (South Western Railway) ने बल्क और ग्रुप टिकट बुकिंग के नियमों में बदलाव किया है. नए नियम के तहत अब ग्रुप रिजर्वेशन में बुक होने वाली बर्थ की संख्या पर कोई तय लिमिट नहीं होगी। 

इस फैसले से शादी-ब्याह में जाने वाले परिवारों, बारात, स्कूल-कॉलेज के स्टूडेंट्स, तीर्थयात्रियों और स्पोर्ट्स टीम को राहत मिल सकती है. आइए जानते हैं रेलवे के नए नियम क्या हैं और ग्रुप टिकट बुक कराने के लिए आपको क्या करना होगा। 

ग्रुप टिकट बुकिंग में क्या बदला?

दक्षिण पश्चिम रेलवे ने बल्क और ग्रुप रिजर्वेशन के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब ग्रुप बुकिंग के लिए बर्थ की कोई तय अधिकतम संख्या नहीं होगी. पहले इस तरह की बुकिंग में बर्थ की संख्या को लेकर कुछ सीमाएं थीं। 

नए नियमों के तहत चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर (CRS) और स्टेशन मैनेजर (SM) को ग्रुप बुकिंग की मंजूरी देने का अधिकार दिया गया है. ये अधिकारी यात्रियों की जरूरत और आवेदन की जानकारी के आधार पर बिना तय बर्थ लिमिट के बुकिंग को मंजूरी दे सकते हैं. यह सुविधा सभी क्लास में लागू होगी। 

रेलवे के नए नियमों के मुताबिक, प्रमुख रिजर्वेशन सेंटर पर ग्रुप टिकट बुकिंग के लिए सुबह 9 बजे से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. यह समय आम यात्रियों की एडवांस रिजर्वेशन बुकिंग शुरू होने के एक घंटे बाद का है। 

यानी जिस दिन किसी ट्रेन की एडवांस टिकट बुकिंग शुरू होगी, उस दिन सुबह 9 बजे से ग्रुप रिजर्वेशन के लिए आवेदन किया जा सकेगा। 

टिकट बुकिंग के लिए देनी होगी ये जानकारी
ग्रुप में टिकट बुक कराने के लिए यात्रियों को रेलवे के अधिकृत अधिकारी के पास सीधे आवेदन देना होगा. सामान्य तौर पर ट्रैवल एजेंट के जरिए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. हालांकि, विदेशी पर्यटकों और NRI के लिए पुराने नियम लागू रहेंगे। 

आवेदन के साथ ग्रुप में सफर करने वाले सभी लोगों की जानकारी देनी होगी. इसमें नाम, उम्र, जेंडर और पता शामिल है. इसके अलावा यात्रा का कारण बताना भी जरूरी होगा. अगर आवेदन में जरूरी जानकारी नहीं दी गई या सफर का कारण साफ नहीं बताया गया, तो रेलवे इसकी मंजूरी नहीं देगा। 

वापसी के टिकट के लिए अलग बुकिंग
अगर आप आने और जाने दोनों तरफ के टिकट एक साथ बुक कराना चाहते हैं, तो रेलवे के नियमों के तहत वापसी यात्रा के लिए भी आवेदन किया जा सकता है. हालांकि, वापसी की टिकट बुकिंग को अलग रिजर्वेशन माना जाएगा.

ध्यान देने वाली बात यह है कि यह बदलाव फिलहाल दक्षिण पश्चिम रेलवे जोन के ग्रुप और बल्क रिजर्वेशन नियमों के लिए है. इसे पूरे भारतीय रेलवे में लागू नया नियम नहीं समझना चाहिए। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0