मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया देवास में नवनिर्मित सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का लोकार्पण

Nov 17, 2026 - 22:15
 0  0
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया देवास में नवनिर्मित सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का लोकार्पण

9.44 करोड़ से नवनिर्मित 400 मीटर 8-लेन से खिलाड़ियों को मिलेगी विश्वस्तरीय सुविधा
राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी में मिलेगी मदद

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को उज्जैन से वीसी के जरिए देवास के कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में लगभग 9.44 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 400 मीटर लंबाई के 8-लेन सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस आधुनिक ट्रैक के शुरू होने से देवास जिले की खेल अधोसंरचना में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। अब जिले के खिलाड़ियों को एथलेटिक्स के अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आधुनिक तकनीक से तैयार सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक देवास के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करने और अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा। यह ट्रैक राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी में भी सहायक सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ट्रैक का 17 नवंबर 2024 को भूमि-पूजन किया गया था और 2 साल बाद आज 17 नवंबर को ही इसका लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि देवास के खिलाड़ी भविष्य में एथलेटिक्स के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर देवास और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

देवास विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार ने इस अवसर को खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि 17 नवंबर 2024 को मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा इस एथलेटिक ट्रैक का भूमि-पूजन किया गया था और लगभग दो वर्षों में यह आधुनिक ट्रैक बनकर तैयार हुआ है। खिलाड़ियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए ओलंपिक स्तर के स्विमिंग पूल का प्रस्ताव भी भेजा गया है। इसके साथ ही स्टेडियम में पवेलियन का निर्माण जल्द कराया जाएगा। श्रीमती पवार ने कहा कि देवास की पहचान कला एवं खेल के क्षेत्र में भी है। यहां के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया है। हाल ही में जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अनेक पदक अर्जित किए हैं। खिलाड़ी जय मीणा ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देवास को गौरवान्वित किया है। उन्होंने देवास को यह सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया।

मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री रायसिंह सेंधव ने कहा कि आज युवा खिलाड़ियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। देवास में 400 मीटर लंबाई के 8-लेन सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक की सुविधा मिलना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0