एम्स दिल्ली में पहली बार अजन्मे बच्चे की जटिल सर्जरी, डॉक्टरों ने रचा इतिहास

Nov 16, 2026 - 10:45
 0  0
एम्स दिल्ली में पहली बार अजन्मे बच्चे की जटिल सर्जरी, डॉक्टरों ने रचा इतिहास

नई दिल्ली
 देश के सबसे बड़े अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स दिल्ली के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारत में पहली बार 25 सप्ताह के अजन्मे बच्चे की जटिल सर्जरी की है।

30 से ज्यादा डॉक्टरों ने सर्जरी में लिया हिस्सा
12 नवंबर को एम्स के न्यूरोसाइंसेज सेंटर में छह घंटे तक चली इस प्रक्रिया में प्रोफेसर दीपक गुप्ता और डॉ. के अपर्णा शर्मा के नेतृत्व में 30 से अधिक डॉक्टरों और नर्सों की टीम ने हिस्सा लिया। सर्जरी के बाद मां और भ्रूण दोनों पूरी तरह स्वस्थ और स्थिर हैं।

क्या होती है मायेलोमेनिंगोसील की बीमारी
आपको बता दें कि यह सर्जरी मायेलोमेनिंगोसील नाम की एक गंभीर जन्मजात बीमारी को ठीक करने के लिए की गई, जो स्पाइना बिफिडा का सबसे खतरनाक रूप है। इसमें बच्चे की रीढ़ की हड्डी में छेद होने के कारण नसें बाहर आ जाती हैं, जिससे जन्म के बाद लकवा या दिमाग में पानी भरने जैसी समस्याओं का खतरा रहता है। आमतौर पर इसका ऑपरेशन जन्म के बाद होता है, लेकिन गर्भ में ही इसका इलाज करने से बाकी के महीनों में रीढ़ की हड्डी को और ज्यादा नुकसान होने से बचाया जा सकता है, जिससे बच्चे के भविष्य में अपने पैरों पर चलने की संभावना बढ़ जाती है।

मामले में क्या है डॉक्टरों का कहना
डॉक्टरों का कहना है कि इस तरह की सर्जरी में समय से पहले प्रसव या संक्रमण जैसे कुछ जोखिम भी होते हैं, इसलिए मरीज का चुनाव बहुत सावधानी से किया जाता है। राहत की बात यह रही कि यह पूरा महंगा इलाज केंद्र सरकार के 'जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम' (JSSK) के तहत बिल्कुल मुफ्त किया गया। अब एम्स एक खास 'फीटल-केयर' कार्यक्रम शुरू करने की योजना बना रहा है, ताकि देश के अन्य जरूरतमंद परिवारों को भी इस आधुनिक तकनीक का लाभ मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0