दिल्ली में SCO बैठक के बीच दिखी 3000 साल पुराने पांडवों के किले की झलक

Nov 20, 2026 - 16:45
 0  0
दिल्ली में SCO बैठक के बीच दिखी 3000 साल पुराने पांडवों के किले की झलक

नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक पुराना किला में 'शंघाई सहयोग संगठन' के 'सभ्यता संवाद मंच' का आयोजन हो रहा है। इसे लेकर खास तैयारियां की गई हैं। पुरातत्वविद् और कर्मचारी पुराने किले के परिसर में एक-एक इंच करके मिट्टी हटा रहे हैं ताकि उन खजानों को सामने लाया जा सके जो भारत की सभ्यतागत सफर के गवाह रहे हैं। खुदाई वाली जगह पर एक खाई है जो 6.5 मीटर गहरी है।

इसमें मौर्य काल से लेकर मुगल काल तक की आठ परतें दिखाई देती हैं। ये परतें उन घरों की कहानियां बताती हैं जो कभी यहां आबाद थे, उन बर्तनों के बारे में बताती हैं जिनका लोग इस्तेमाल करते थे। उन लकड़ियों के बारे में बताती हैं जो आज भी बची हुई हैं। ये चीजें भारत के अलग-अलग युगों में लोगों के रोजमर्रा के जीवन की झलक पेश करती हैं।

पुराना किला को कहते हैं 'पांडवों का किला'
पुराने किले में यह अपनी तरह का पहला पुरातत्व मंडप (पैवेलियन) है, जहां लोग खुदाई की प्रक्रिया को लाइव देख सकते हैं। यहां पुराने किले में हुई खोजों के जरिए दिल्ली के लगभग 3000 साल पुराने इतिहास को पेश किया गया है। यह मंडप सोमवार से आम लोगों के लिए खुल जाएगा। पुराना किला, जिसे अकसर 'पांडवों का किला' भी कहा जाता है। इसे महाभारत में वर्णित प्राचीन शहर 'इंद्रप्रस्थ' भी माना जाता है। यहां मौजूद दीवारें और अन्य इमारतें शेरशाह सूरी (1538-1545 ईस्वी) ने बनवाई थीं।

शेरशाह सूरी से लेकर हुमायूं तक का किले से कनेक्शन जानिए
शेरशाह सूरी ने हुमायूं की बसाई गई 'दीनपनाह' (जो दिल्ली का छठा शहर था) को तोड़कर और उसका पुनर्निर्माण करके इसे तैयार किया था। हुमायूं ने फारस से लौटने के बाद, लगभग 1533 ईस्वी में 'दीनपनाह' की स्थापना की थी। आमतौर पर, खुदाई पूरी होने के बाद उस जगह को वापस मिट्टी से भर दिया जाता है। लेकिन, लोगों को इतिहास का अनुभव कराने के लिए, इस प्रदर्शनी स्थल को इस तरह तैयार किया गया है कि खुदाई की परतें भी दिखती रहें और जगह की पवित्रता भी बनी रहे।

'वसुधैव कुटुंबकम' की थीम, भारत और यूरेशिया के बीच संबंध का जिक्र
'वसुधैव कुटुंबकम' की थीम पर आधारित यह प्रस्तुति भारत और यूरेशिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों को उजागर करेगी। इस प्रदर्शनी का भी उद्घाटन आज ही किया जाएगा। ASI के निदेशक वसंत कुमार स्वर्णकार, 12 साल से पुराने किले की साइट पर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 1950 के दशक से लेकर अब तक पुराने किले में हुई खुदाई से नौ चरणों वाला सांस्कृतिक क्रम सामने आया है। यह क्रम पूर्व-मौर्यकालीन बस्तियों से शुरू होकर मुगल काल तक जाता है।

दिल्ली के पुराने किले में SCO 'सभ्यता संवाद मंच' का आयोजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम पुराने किले में 'शंघाई सहयोग संगठन' के 'सभ्यता संवाद मंच' (SCO Forum for Civilisational Dialogue) का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शनिवार और रविवार को अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन समारोह में सभ्यताओं का संवाद, सांस्कृतिक प्रस्तुति नाम का एक विशेष कार्यक्रम होगा। इसमें संगीत, डांस, विजुअल स्टोरीटेलिंग और कथा वाचन का एक अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

पुराने किले में 'एक्सपीरियंस पैवेलियन', देखने को मिलेंगी प्राचीन वस्तुएं

  • ASI के निदेशक वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि सबसे प्राचीन वस्तुओं में पेंटेड ग्रे वेयर के टुकड़े शामिल हैं, जो पूर्व-मौर्यकालीन स्तर के हैं। ये वस्तुएं 'एक्सपीरियंस पैवेलियन' का हिस्सा होंगी।
  • इस पैवेलियन में मौर्यकालीन अश्वमेध यज्ञ, रिंग वेल (कुएं) और शुंग-कुषाण कालीन घरों के परिसर को दिखाया जाएगा।
  • इससे प्राचीन रीति-रिवाजों, जल प्रबंधन और घरेलू जीवन के बारे में जानकारी मिलेगी।
  • हमारे सहयोगी अखबार टीओआई की टीम ने जब इस साइट का दौरा किया, तो हमने खुदाई वाली जगहों (ट्रेंच) के ऊपर और चारों ओर एक ऊंचा डेक देखा।
  • एएसआई निदेशक वसंत कुमार ने कहा कि यहां आने वाले लोग खुदाई में मिले पुरातात्विक अवशेषों को देख सकेंगे।
  • हमने एक ऐसी जगह देखी जो संभवतः मुगल काल के किसी घर का कमरा रही होगी।
  • इसके अलावा, यहां कुषाण काल का ईंटों का चबूतरा, गुप्त काल का ठोस फर्श, राजपूत काल के मिट्टी के बर्तन और मौर्यकालीन एक भट्ठी भी देखने को मिली
  • पूरे पैवेलियन में लगी प्रदर्शनियों और जानकारी देने वाले पैनलों के जरिए कई खोजों को दर्शाया गया है।
  • इनमें मिट्टी के बर्तन, सिक्के, मुहरें, मनके, टेराकोटा (पक्की मिट्टी) की मूर्तियां, कुषाण काल ​​की 'गजालक्ष्मी' वाली टेराकोटा पट्टिका और राजपूत काल की 'वैकुंठ विष्णु' की पत्थर की मूर्ति शामिल हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0