कनाडा में भारतीय युवक-युवती की हत्या, पुलिस ने जारी की पहचान

Nov 19, 2026 - 18:45
 0  8
कनाडा में भारतीय युवक-युवती की हत्या, पुलिस ने जारी की पहचान

चंडीगढ़.

कनाडा के सरे शहर में वालमार्ट प्लाजा की पार्किंग में गोली मारकर हत्या किए गए युवक और युवती की पहचान पुलिस ने सार्वजनिक कर दी है। मृतकों में सरे निवासी गगनप्रीत सिंह उर्फ गैरी रीहल (23) और डेल्टा निवासी सुखजीत कौर (24) शामिल हैं।

घटना के बाद गगनप्रीत का नाम और तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर पहले ही सार्वजनिक हो गई थीं, लेकिन अब पुलिस ने दोनों मृतकों की पहचान आधिकारिक तौर पर जारी की है। पुलिस के अनुसार, गगनप्रीत का आपराधिक पृष्ठभूमि रहा है और हथियारों तथा आग्नेयास्त्रों से जुड़े मामलों में पहले भी उसका पुलिस से संपर्क रहा था।

15 नवंबर की है घटना
वहीं, सुखजीत कौर का कनाडा में पुलिस से संपर्क संबंधी रिकॉर्ड सीमित था। घटना 15 नवंबर की रात करीब 10:38 बजे की है। सरे पुलिस सर्विस और बीसी इमरजेंसी हेल्थ सर्विस को 88 एवेन्यू और 124 स्ट्रीट के पास स्थित वालमार्ट की पार्किंग में गोलीबारी की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवक और युवती गोली लगने से घायल अवस्था में मिले। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका और चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर गोलियों के निशान वाली लाल रंग की फोर्ड मस्टैंग कार भी मिली थी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस को एक अन्य वाहन में आग लगने की सूचना भी मिली।

जली हुई कार वारदात से जुड़ी हो सकती है
गोलीबारी के करीब 13 मिनट बाद रात 10:51 बजे सरे के प्रिंसेस ड्राइव इलाके के 9700 ब्लॉक में एक सफेद रंग की सेडान कार जली हुई मिली। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इस कार का हत्या की वारदात से संबंध हो सकता है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या हमलावरों ने वारदात के बाद सबूत मिटाने या फरार होने के लिए इस वाहन का इस्तेमाल किया था। इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (आइएचआइटी) की सार्जेंट फ्रेडा फोंग के अनुसार, शुरुआती जांच में गोलीबारी सुनियोजित और किसी को निशाना बनाकर की गई प्रतीत होती है। जांचकर्ताओं को इस मामले में संगठित अपराध से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी गैंग की संलिप्तता, हत्या के पीछे की वजह या आरोपितों की पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने की लोगों से अपील
पुलिस दोनों मृतकों की गतिविधियों और वारदात से पहले के घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांचकर्ताओं ने 15 नवंबर की रात 10 से 11 बजे के बीच घटनास्थल और आसपास से गुजरने वाले लोगों से सीसीटीवी फुटेज, डैश कैम रिकॉर्डिंग और अन्य जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। पुलिस का मानना है कि प्रत्यक्षदर्शियों और तकनीकी साक्ष्यों से हमलावरों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। फिलहाल मामले में गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है और जांच जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0