MP Weather: मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई जल्द, 10 अक्टूबर तक पूरी तरह लौटेगा; 5 को इन जिलों में बारिश के आसार

Oct 2, 2026 - 15:02
 0  2
MP Weather: मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई जल्द, 10 अक्टूबर तक पूरी तरह लौटेगा; 5 को इन जिलों में बारिश के आसार

मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का दौर जल्द शुरू होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी का असर बढ़ सकता है, जबकि रात के तापमान में गिरावट के साथ हल्की ठंडक महसूस होगी।

मौसम विशेषज्ञ अरुण शर्मा के मुताबिक, मध्य प्रदेश से मानसून की पूरी विदाई 10 अक्टूबर तक होने की संभावना है। मानसून की वापसी सबसे पहले ग्वालियर-चंबल और उज्जैन संभाग से शुरू होने के संकेत हैं। इसके बाद इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम, सागर, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग से भी मानसून विदा हो सकता है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार-शनिवार से मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

5 अक्टूबर को पूर्वी MP में बारिश के आसार

मौसम विकास केंद्र के अनुसार, 5 अक्टूबर को पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और अनूपपुर में बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन दिनों तक मौसम साफ रहने का अनुमान है।

मानसून की विदाई के साथ बढ़ेगा दिन का तापमान

मानसून की वापसी के साथ आसमान साफ होने लगेगा और इसका असर तापमान पर भी दिखाई देगा। अक्टूबर में प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है, जबकि रात के समय तापमान में गिरावट आने से ठंडक बढ़ेगी।

मौसम विभाग के अनुसार, अक्टूबर मध्य प्रदेश में मौसम परिवर्तन का महीना होता है। इस दौरान बारिश का प्रभाव कम होने के साथ दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने लगता है। दिन में गर्मी और रात में ठंडक का दौर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0