Agar Malwa Accident: मां बगलामुखी मंदिर से लौट रही श्रद्धालुओं की कार नाले में बही, 8 की मौत

Sep 19, 2026 - 12:53
 0  48
Agar Malwa Accident: मां बगलामुखी मंदिर से लौट रही श्रद्धालुओं की कार नाले में बही, 8 की मौत

मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार तेज बहाव वाले बरसाती नाले में बह गई। हादसे में कार सवार आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

दर्शन के बाद लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार श्रद्धालु उज्जैन से टैक्सी किराये पर लेकर मां बगलामुखी माता मंदिर में दर्शन के लिए नलखेड़ा पहुंचे थे। दर्शन के बाद वापस लौटते समय मंदिर के पास स्थित बरसाती नाला तेज बारिश के कारण उफान पर था।

इसी दौरान कार तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गई और बहते हुए नाले में चली गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कार को नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन उसमें सवार सभी आठ लोगों की मौत हो चुकी थी।

जल्दबाजी में नाला पार करने की आशंका

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज बहाव के बावजूद चालक ने जल्दबाजी में नाला पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान कार पानी के तेज बहाव में फंस गई और बह गई।

हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस

एसपी दिलीप कुमार सोनी के अनुसार हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और तीन पुरुषों की मौत हुई है। सभी मृतक ओडिशा के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया में जुटी है। प्रशासन और पुलिस की टीमें हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0