अमरकंटक में ‘अमृत हरित महा अभियान’ के तहत 3 हजार पौधों का वृहद पौधारोपण
अमरकंटक में ‘अमृत हरित महा अभियान’ के तहत 3 हजार पौधों का वृहद पौधारोपण
राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष तथा कलेक्टर ने आम के पौधे का रोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बड़ी संख्या में विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक की सहभागिता
अनूपपुर
पवित्र नगरी अमरकंटक को हरा-भरा एवं प्रदूषण मुक्त बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘अमृत हरित महा अभियान’ के अंतर्गत नगर परिषद अमरकंटक द्वारा वार्ड क्रमांक-4 स्थित टीसीपीसी परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल, कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री वसीम अहमद भट्ट सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल, कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री वसीम अहमद भट्ट ने आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अभियान के अंतर्गत टीसीपीसी परिसर में आम, अशोक, जामुन, कटहल, आंवला एवं गुलमोहर सहित लगभग 3 हजार फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान पौधों के नियमित संरक्षण, सिंचाई एवं देखभाल पर विशेष बल दिया गया, ताकि लगाए गए पौधे विकसित होकर क्षेत्र के हरित आवरण को समृद्ध कर सकें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। सभी ने “एक पौधा, एक संकल्प–हरियाली की ओर कदम” तथा “हरियाली बढ़ाएं, पर्यावरण बचाएं, जलवायु सुधारें, स्वस्थ भविष्य संवारें” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि जनसहभागिता से ही ऐसे अभियान सफल होंगे और अमरकंटक को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री चैन सिंह परस्ते सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, प्राचार्य, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



