अनूपपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: युवक ने मां, नाना-नानी समेत परिवार पर किया हमला; 4 की मौत

Oct 3, 2026 - 17:04
 0  6
अनूपपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: युवक ने मां, नाना-नानी समेत परिवार पर किया हमला; 4 की मौत

मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के ग्राम अमोदा बिजौरा में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सनी धाम के पास एक युवक ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से अपनी मां, नाना-नानी और परिवार के अन्य सदस्यों पर हमला कर दिया। घटना में चार लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

विवाद के बाद युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा

जानकारी के अनुसार, ग्राम मरदरी, थाना नौरोजाबाद निवासी प्रेम सिंह करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां अनुपिया बाई के साथ ग्राम अमोदा बिजौरा स्थित अपने नाना-नानी के घर आया था।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को किसी बात को लेकर उसका सनी धाम के पंडा गंगा सिंह से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद प्रेम सिंह ने गंगा सिंह के साथ मारपीट की।

घटना के बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और उसे उसके नाना-नानी के घर ले जाकर रस्सी से बांध दिया।

मां ने खोला रस्सी का बंधन, फिर किया हमला

बताया जा रहा है कि बेटे को रस्सी से बंधा देखकर उसकी मां अनुपिया बाई ने उसे खोल दिया। इसके बाद युवक ने कथित तौर पर अपनी मां पर ही लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

इसके बाद उसने अपने नाना संपत और नानी भन्नी को भी निशाना बनाया। हमले में तीनों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।

मामा समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला

इसके बाद आरोपी ने अपने मामा चैन सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर भी कथित तौर पर हमला कर दिया। अचानक हुई इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हमले में करीब पांच वर्षीय मुनका सिंह, भारती सिंह और चंचल समेत कई लोग घायल हुए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

इलाज के दौरान करीब पांच वर्षीय मुनका सिंह ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह घटना में मृतकों की संख्या चार होने की सूचना है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस वारदात के कारणों, आरोपी की मानसिक और पारिवारिक स्थिति तथा घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल घायलों का उपचार जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0